हमीरपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन्स हमीरपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने फीता काटकर किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि रक्तदान पुनीत कार्य है, जिससे जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। शिविर में पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन्स, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
