संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुर्णा
पांढुर्णा, 25 सितंबर 2026 जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने और ग्रामीण समस्याओं के मौके पर निराकरण के उद्देश्य से आज जन-विश्वास अभियान के तहत सघन शिविरों का आयोजन किया गया। साथ ही जिला स्वास्थ्य सेवाओं, टेक होम राशन व्यवस्था और सेवा संकल्प यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण गतिविधियाँ भी संचालित हुईं।
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार के नेतृत्व में जिले के चार ग्राम पंचायतों में सीधा जनसंवाद किया गया।
चार पंचायतों में ग्रामीणों से सीधा संवाद
अभियान के तहत चिखलीमुनासा, जामघाट, नारायण घाट और निमानी में शिविर लगाए गए।
चिखलीमुनासा में ग्रामीणों ने राशन, पेयजल, सड़क, आवास, फसल क्षति सर्वे, पेंशन, छात्रवृत्ति, भूमि प्रकरण, नाली और आधार कार्ड से जुड़ी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने राशन के लिए दो दिवसीय विशेष वितरण केंद्र संचालित करने, गांव में झुलसे बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने, अनाथ बच्चों का गांव-गांव जाकर सर्वे करने और उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। चिखली ढाना की पेयजल समस्या पर स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए गए। शासकीय कार्य में लापरवाही पर जीआरएस श्री यादव राव उइके तथा अवैध निर्माण व सर्वे में लापरवाही पर सरपंच को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
जामघाट में आयोजित शिविर में पूर्व शिक्षा मंत्री नाना भाऊ भी उपस्थित रहे। यहां संबल कार्ड, आयुष्मान कार्ड, शौचालय, मंदिर व्यवस्था, स्कूल नवीनीकरण, रंगमंच, नाली, राशन कार्ड, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, लाड़ली लक्ष्मी योजना से जुड़ी मांगे रखी गईं। कलेक्टर ने लटकते विद्युत तारों को सुरक्षित करने, पेयजल के नमूनों की जांच कराने और प्रसव प्रोत्साहन राशि से वंचित हितग्राहियों के प्रकरणों के निराकरण के निर्देश विद्युत, पीएचई और स्वास्थ्य विभाग को दिए। स्कूल भवन के नवीनीकरण की मांग पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं पूर्व मंत्री द्वारा स्वयं आर्थिक सहयोग किया गया, जिसका ग्रामीणों ने भी अनुकरण कर सामूहिक राशि एकत्र की।
नारायण घाट में सिंचाई के लिए जल, नलकूपों में सोलर व्यवस्था, ट्रांसफार्मर, भू-पट्टे, आवास और सड़क निर्माण प्रमुख मुद्दे रहे। वहीं निमानी में डिप्टी कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने शिविर लेकर ग्रामीणों को संबल, आयुष्मान भारत सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
सभी शिविरों में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित स्वास्थ्य समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास ने प्रगति प्रस्तुत की। 23 सितंबर तक जिले में 2,183 गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीयन हुआ है, जिसमें पांढुर्णा में 1128 और सौंसर में 1055 है। एनीमिया और हाई बीपी के प्रबंधन में शत-प्रतिशत उपलब्धि, 1,963 महिलाओं की सिकल सेल स्क्रीनिंग (90%), 978 संस्थागत प्रसव, 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 53,777 बीपी और 60,224 शुगर स्क्रीनिंग, टीबी नियंत्रण में 35,417 एक्स-रे (93% लक्ष्य), 105 निक्षय मित्र और 268 मरीजों को फूड बास्केट वितरण की जानकारी दी गई। पोषण पुनर्वास केंद्र सौंसर में लक्ष्य से अधिक 128 बच्चों को भर्ती किया गया।
टेक होम राशन में पारदर्शिता के नए प्रावधान
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में टेक होम राशन व्यवस्था में बड़े बदलाव की जानकारी दी गई। अब बड़े संयंत्रों की जगह स्थानीय स्तर पर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा THR तैयार किया जाएगा। पांढुर्णा में 144 और सौंसर में 110 समूहों द्वारा कुल 526 आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरण किया जा रहा है। राशन का वितरण माह में दो बार होगा और पोषण ट्रैकर एप पर फोटो और समय के साथ डिजिटल निगरानी अनिवार्य होगी। गुणवत्ता जांच के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहयोगिनी मातृ समिति द्वारा सामुदायिक सत्यापन किया जाएगा। जिले में पोषण ट्रैकर पर 29,259 हितग्राही दर्ज हैं।
सेवा संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत
सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही यात्रा का मोही घाट तिराहे सहित पांढुर्णा नगर में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान तीन शेर चौक स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर और शिवाजी चौक स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। यात्रा का रात्रि विश्राम आदित्य होटल पांढुर्णा में हुआ।
