पांढुरना, 25 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी पांढुरना द्वारा आगामी 30 सितंबर 2026, बुधवार को विशाल विरोध मार्च एवं ज्ञापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष जतन उईके ने बताया कि भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की व्यापक, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष समीक्षा की मांग को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:00 बजे जिला कांग्रेस मुख्यालय पांढुरना से विरोध मार्च निकाला जाएगा, जो कलेक्ट्रेट तक जाएगा। मार्च का समापन पुतला दहन के साथ होगा। इसके पश्चात महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टर पांढुरना को सौंपा जाएगा।
जिला अध्यक्ष जतन उईके ने जिला, ब्लॉक एवं नगर के समस्त संगठन पदाधिकारियों, मोर्चा संगठनों, विभागों-प्रकोष्ठों, वरिष्ठ नेताओं, महिला नेत्रियों, पार्षदगण एवं समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
