3 से 6 माह पुराने प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के दिए निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा – कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष पांढुर्णा में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, स्वामित्व योजना, भूमि आवंटन, राजस्व वसूली, फार्मर रजिस्ट्री, सीएम हेल्पलाइन तथा अवैध कॉलोनियों से संबंधित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी राजस्व अधिकारियों से क्षेत्रवार प्रकरणों की जानकारी प्राप्त करते हुए लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि 3 से 6 माह पुराने राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों में केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहते हुए वास्तविक प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। कार्य में अधिक विलंब पाए जाने पर संबंधितों की जवाबदेही निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आरबीसी 6.4 के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों तथा राहत राशि वितरण की भी समीक्षा की गई। तिगांव क्षेत्र में कार्य में विलंब पाए जाने पर संबंधित पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन में राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विभागीय प्रदर्शन में सुधार लाने तथा लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम पांढुर्णा एवं एसडीएम सौंसर को अपने अधीनस्थ राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिकायतों का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि राजस्व प्रकरणों के निरीक्षण के दौरान यदि कार्य में अनियमितता, लापरवाही अथवा अपेक्षित प्रगति का अभाव पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी को नोटिस जारी कर जवाबदेही निर्धारित की जाए। निरीक्षणकर्ता अधिकारियों को भी निरीक्षण के दौरान पाए गए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमति अलका एक्का एवं एसडीएम सौसर श्री सिद्धार्थ पटेल सहित राजस्व विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
