हमीरपुर। सिविल न्यायालय में जमीन संबंधी मुकदमा विचाराधीन होने के बावजूद विवादित स्थल पर जबरन दीवार निर्माण कराए जाने से आहत पीड़ित दम्पत्ति ने पुलिस पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट स्थित गोल चबूतरें में शनिवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
मौदहा थाना के कपसा गांव निवासी रामऔतार पुत्र लल्लू ने हड़ताल के दौरान आरोप लगाते हुए बताया कि जमीन संबंधी उसका मौदहा के सिविल न्यायालय में वाद संख्या 150/2026 रामऔतार बनाम रामविलास विचाराधीन है। न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद विपक्षी रामविलास और उसका पुत्र अनुरुद्ध विवादित स्थल पर निर्माण करा रहे हैं।
इतना ही नहीं, पीड़ित की दीवार तोड़कर अपनी दीवार खड़ी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की शिकायत थाना मौदहा पुलिस से कई बार लिखित रूप में की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने विपक्षियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मारपीट, घर में घुसने और न्यायालय में मामला विचाराधीन रहते विवादित स्थल पर निर्माण कराने के आरोपों की जांच कर दंडात्मक कार्रवाई कराने की मांग की है।
