हमीरपुर। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा आमजन को लोक अदालत के माध्यम से उपलब्ध होने वाले त्वरित, सुलभ एवं नि:शुल्क न्याय के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद न्यायालय, हमीरपुर से प्रचार-प्रसार वाहन रवाना किया गया।
माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर श्री मनोज कुमार राय ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार-प्रसार वाहन को रवाना किया। इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर श्रीमती वंदना अग्रवाल सहित जनपद न्यायालय के न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
प्रचार-प्रसार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में व्यापक रूप से जागरूक करेगा। वाहन के माध्यम से लोगों को लंबित वादों एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण, लोक अदालत की सरल एवं त्वरित प्रक्रिया तथा इसके माध्यम से समय और धन की बचत होने के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश श्री मनोज कुमार राय ने आमजन से अपील की कि वे 12 सितंबर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराकर पक्षकार अपने मामलों का शीघ्र निस्तारण करा सकते हैं तथा अनावश्यक समय एवं व्यय से बच सकते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन से अपील की गई है कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने अधिकाधिक मामलों के निस्तारण हेतु संबंधित न्यायालय/प्राधिकरण से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया समय से पूर्ण करें तथा सुलह एवं समझौते के माध्यम से विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के इस अवसर का लाभ उठाएं।
