
DEEPAK SHARMA
अलीराजपुर :- चंद्रशेखर आजाद नगर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जनपद पंचायत चंद्रशेखर आजाद नगर के सभागार में विकासखंड स्तरीय “प्रस्फुटन शक्ति ऊर्जा संचय” प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विकासखंड की प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों में नई ऊर्जा एवं कार्यप्रेरणा का संचार करना, उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों की समीक्षा करना तथा आगामी अभियानों की कार्ययोजना से अवगत कराना था, ताकि समितियां अपने-अपने ग्रामों में जनभागीदारी के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर सकें।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत चंद्रशेखर आजाद नगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंदर सिंह पटेल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
प्रथम सत्र में मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंदर सिंह ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रस्फुटन समितियां ग्राम स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने समिति सदस्यों से प्रत्येक ग्राम में सक्रिय रहकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन से समन्वय स्थापित कर सहयोग प्राप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद पंचायत द्वारा समितियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
द्वितीय सत्र में कालियावास आदर्श ग्राम समिति, आजाद नगर के सचिव दीपक शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों में भोजन से पूर्व हाथ धोने जैसी अच्छी आदतें विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास ग्रामीण समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
तृतीय सत्र में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक रामसिंह निगवाल ने प्रस्फुटन समितियों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए वर्तमान गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा आगामी समय में प्रत्येक समिति को नियमित बैठकें, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं ग्राम स्तरीय गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
चतुर्थ एवं समापन सत्र में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के आलीराजपुर जिला समन्वयक दीपक जगताप ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त से 16 अगस्त तक विकासखंड के प्रत्येक सेक्टर में हरियाली नवांकुर सखी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान के अंतर्गत नवांकुर सखी कलश यात्रा, “एक पेड़ मां के नाम” पौधारोपण अभियान, पौध एवं बीज वितरण कार्यक्रम तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।उन्होंने आगे बताया कि 15 अगस्त के अवसर पर प्रत्येक सेक्टर में नशा मुक्ति संकल्प, जनजागृति बैठक, संगोष्ठी एवं जागरूकता रैली आयोजित कर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने सभी समितियों से इन कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
दीपक जगताप ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रस्फुटन समितियां ग्राम स्तर पर सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा ग्रामीण जनों की सहभागिता बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज भी अनेक ग्रामीण जानकारी के अभाव में शासन की विभिन्न योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। ऐसे परिवारों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें संबंधित विभागों से जोड़ना प्रस्फुटन समितियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम के अंतर्गत संचालित बी.एस.डब्ल्यू. एवं एम.एस.डब्ल्यू. प्रवेश अभियान की समीक्षा करते हुए सभी परामर्शदाताओं, नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों एवं सेक्टर प्रभारियों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रवेश कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने का आग्रह किया। उन्होंने आगामी सभी अभियानों एवं कार्यक्रमों को गंभीरता, सक्रियता एवं समन्वय के साथ संचालित करने पर विशेष बल दिया, जिससे ग्राम स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।कार्यक्रम के समापन अवसर पर परामर्शदाता केशर सिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में चंद्रशेखर आजाद नगर विकासखंड के समस्त प्रस्फुटन समिति सदस्य, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, परामर्शदाता, सेक्टर प्रभारी एवं जन अभियान परिषद से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने आगामी कार्ययोजनाओं को सफल बनाने तथा ग्राम स्तर पर जनजागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।

