A2Z सभी खबर सभी जिले की

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के लिए बैठ शुरुवात हो चुकी है

दीपक शर्मा संवादाता

 

*मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक

आलीराजपुर
कलेक्टर नीतू माथुर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियों की विभागवार गहन समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Related Articles

बैठक में कलेक्टर श्रीमती माथुर ने ई-केवाईसी की जनपद पंचायतवार एवं नगरीय निकायवार प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अनिवार्य रूप से प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही डीपीसी एवं जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर माथुर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी शिकायत निम्न गुणवत्ता के साथ बंद नहीं की जाए तथा जहां फोर्स क्लोज्ड की कार्रवाई की जाए, वहां उसका पर्याप्त एवं स्पष्ट कारण भी दर्ज किया जाए।

बैठक में आगामी कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के एजेंडा बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आवंटित विद्यालयों, छात्रावासों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अधिकारी को कलेक्टर श्रीमती माथुर ने मानसून अवधि में जिले के सभी क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के विभागवार पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबल योजना के लंबित पंजीयन आवेदनों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

बैठक में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय-सीमा में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर सोहन कनास, समस्त अनुविभागीय अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button