फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच शुरू
जहानाबाद। शहर में सक्रिय चोर गिरोह ने एक बार फिर पुलिस की सतर्कता को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नगर थाना क्षेत्र के सत्संग नगर स्थित एक शिक्षक के किराये के मकान की खिड़की की ग्रिल काटकर चोर घर में घुस गए। इसके बाद कमरे को अंदर से बंद कर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित शिक्षक मुकेश कुमार, जो अरवल रोजा पर के निवासी हैं, ने बताया कि वह सत्संग नगर में किराये के मकान में रहते हैं। मंगलवार देर रात वह घर के हॉल में सो रहे थे। करीब 3:30 बजे उन्हें घर में किसी संदिग्ध के होने का आभास हुआ। मोबाइल की रोशनी से देखने पर एक कमरे में रुक-रुक कर लाइट जलती दिखाई दी। शिक्षक ने आसपास के लोगों को फोन कर मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन देर रात होने के कारण किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही चोर फरार हो चुके थे। आशंका है कि चोरों को घर के लोगों के जागने का आभास हो गया था, जिसके बाद वे मौके से निकल गए।
पीड़ित के अनुसार, चोरों ने कमरे में रखी गोदरेज अलमारी का ताला तोड़ दिया। अलमारी से 12 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, चांदी की बिछिया समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। इसके अलावा चोर उनका पासपोर्ट भी अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक जांच टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

