पांढुर्णा, जिला पांढुर्णा। नगर के गुजर्री चौक स्थित सोने-चांदी की दुकान में हुई लूट की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा ने इनाम की घोषणा की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पांढुर्णा में अपराध क्रमांक 482/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। अज्ञात बदमाश दुकान के शोकेस में रखी सोने की अंगूठी, लॉकेट, मंगलसूत्र, चेन, ब्रेसलेट, मणि सहित सोने-चांदी के जेवरात लूट कर फरार हो गए थे।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लूट में शामिल अज्ञात आरोपियों की अनुमानित उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच और हुलिया दुबला-पतला बताया गया है। आरोपी आपस में हिंदी भाषा का उपयोग कर रहे थे।
यह रिपोर्ट प्रार्थिया साक्षी खरबड़े पति विनय खरबड़े, उम्र 26 वर्ष, निवासी गुजर्री चौक पांढुर्णा की शिकायत पर दर्ज की गई थी। पुलिस द्वारा लगातार तलाश और पतासाजी के प्रयासों के बावजूद अभी तक अज्ञात आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
इसी के चलते अंत: प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा सविता डागर (भा.पु.से.) ने म.प्र. पुलिस रेग्युलेशन के पैरा क्रमांक 80 (बी) (1) में निहित प्रावधानों के तहत इनाम उद्घोषणा की है।
पुलिस अधीक्षक ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति इन अज्ञात आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना देगा, उसे 5000 रुपये (पाँच हजार रुपये) की नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। सूचनाकर्ता चाहे तो उसका नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा। पुरस्कार वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा का निर्णय अंतिम होगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी इस घटना से संबंधित कोई जानकारी मिले तो वह तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम पांढुर्णा 7587645979 या थाना प्रभारी पांढुर्णा 9425078310 पर संपर्क करें।
