भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखा पत्र… नियमित बिजली आपूर्ति के लिए अधिकारियों को निर्देश देने का किया आग्रह…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार। धार जिले के संपूर्ण ग्रामीण क्षेत्र में बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा उठाते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर समस्या के निराकरण की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना के बिजली बंद होने से ग्रामीण नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और घरेलू उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में पटेल ने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर बिना पूर्व सूचना के विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाती है। विशेषकर रात के समय बिजली कटौती होने से ग्रामीण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इससे किसानों के कृषि कार्य, पेयजल आपूर्ति और घरेलू जरूरतों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं, विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि बार-बार और अनियमित बिजली कटौती के कारण आमजन में असंतोष बढ़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
*अधिकारियों को निर्देश देने का आग्रह*
जयदीप पटेल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर संबंधित विद्युत अधिकारियों को धार जिले के संपूर्ण ग्रामीण क्षेत्र में अनावश्यक अघोषित बिजली कटौती रोकने तथा नियमित विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दें। साथ ही, यदि किसी अपरिहार्य स्थिति में बिजली बंद करना आवश्यक हो, तो उपभोक्ताओं को पहले से सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीण नागरिक और किसान अपने जरूरी कार्यों की योजना बना सकें।
