किसानों एवं क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करना प्राथमिकता, सभी संबंधित विभाग मिलकर करेंगे समाधान के प्रयास….
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। धार-महू लोकसभा क्षेत्र में अल्प वर्षा के कारण किसानों एवं आम नागरिकों को हो रही परेशानियों के निराकरण तथा आगामी समय में उत्पन्न होने वाली जल संकट की संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार एवं प्रशासन द्वारा समन्वित प्रयास किए जाएंगे। यह बात केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने धार शहर के जिला पंचायत सभागार में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की समीक्षा बैठक में अध्यक्षता के दौरान कही।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि कम वर्षा के कारण कृषि कार्यों, सिंचाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता को लेकर उत्पन्न हो रही समस्याओं का समय रहते आकलन करना आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार करें, ताकि किसानों, ग्रामीण परिवारों एवं दूरस्थ आदिवासी अंचलों के निवासियों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कृषि विभाग, विद्युत विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जल उपलब्धता एवं आवश्यकताओं का आकलन कर व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करें। किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने, कृषि कार्यों के लिए विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करने तथा पेयजल संकट से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाने पर विशेष जोर दिया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने जल संरचनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन, तालाबों और अन्य जल स्रोतों के समुचित उपयोग तथा नहरों के व्यवस्थित रखरखाव की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारी क्षेत्र का निरीक्षण करें और जहां भी समस्या सामने आए, वहां समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था करें।
श्रीमती ठाकुर ने कहा कि जल संरक्षण, किसानों के हितों की रक्षा तथा प्रत्येक नागरिक तक आवश्यक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों को केवल समीक्षा तक सीमित न रहते हुए प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए स्पष्ट कार्ययोजना, विभागीय जिम्मेदारी और नियमित निगरानी की व्यवस्था बनाई जाने हेतु निर्देशित किया। आज बदलती परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन को सजग रहकर किसानों एवं आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना चाहिए।
बैठक में जिला कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीणा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मेडा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अखिलेश जैन सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
