क्रमोन्नति के मामलों में न्यायालयीन याचिका की तैयारी पर चर्चा, 80 वर्ष पूर्ण करने वाले पेंशनरों का होगा सम्मान…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन तहसील शाखा मनावर की पेंशनर विशेष बैठक सोमवार, 12 अक्टूबर को सिंघाना रोड स्थित बंकनाथ मंदिर परिसर के नर्मदा मंदिर बाड़े में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों के हितों की रक्षा, पेंशन संबंधी समस्याओं के निराकरण, संगठन को मजबूत बनाने तथा विभिन्न लंबित मामलों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष भानालाल सोलंकी ने की। उन्होंने पेंशनरों के हितों के लिए संगठित होकर प्रयास करने तथा भविष्य में आने वाली पेंशन संबंधी कठिनाइयों के समाधान के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। सचिव हरिराम पाटीदार ने पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी देते हुए संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।
बैठक में जीवित होने का प्रमाण पत्र जमा करने, वार्षिक सदस्यता शुल्क, पेंशन खातों से कटने वाले टीडीएस तथा पेंशनरों के वार्षिक आय-व्यय का हिसाब प्रस्तुत करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। पेंशनरों को बताया गया कि वे जीवित होने का प्रमाण पत्र संबंधित बैंक में स्वयं जाकर भी जमा कर सकते हैं।
*क्रमोन्नति के मामले में दस्तावेज जुटाने पर जोर*
30 जून 2023 तक सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के 35 वर्षीय समयमान वेतनमान एवं क्रमोन्नति संबंधी मामलों पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से 1 जुलाई 2023 से पहले सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों से न्यायालय में याचिका तैयार करने की प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेज जुटाने को कहा गया। इनमें प्रथम नियुक्ति आदेश, प्रथम क्रमोन्नति आदेश, द्वितीय क्रमोन्नति आदेश, 30 वर्षीय क्रमोन्नति आदेश, सेवानिवृत्ति आदेश तथा पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) की प्रति सहित कुल छह प्रकार के दस्तावेज शामिल हैं।
*पेंशनर डे पर जाने और वरिष्ठ पेंशनरों के सम्मान पर सहमति*
बैठक में वर्ष 2025-26 की वार्षिक सदस्यता शुल्क जमा करने, आगामी 20 दिसंबर 2026 को धार में आयोजित होने वाले पेंशनर्स डे कार्यक्रम में सहभागिता करने तथा 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पेंशनरों का सम्मान करने के विषय पर भी चर्चा की गई। पेंशनर तुकाराम पाटीदार ने आगामी बैठक शासकीय विद्यालय भवन में आयोजित करने का सुझाव दिया।
इस दौरान नए पेंशनर सदस्यों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें संगठन में शामिल किया गया। अध्यक्ष भानालाल सोलंकी ने बागसिंह अलावा, विजय शर्मा, रुखड़ू चौहान, हरीश पाटीदार, तुकाराम पाटीदार, लक्ष्मण सोलंकी, गोपाल सोलंकी, सुखदेव पाटीदार, शोभाराम भवेल, लक्ष्मण मंडलोई, प्रवीण पाल एवं सुखलाल राठौर का स्वागत किया।
बैठक में संघ संरक्षक छोगालाल राठौर, अध्यक्ष भानालाल सोलंकी, सचिव हरिराम पाटीदार, कोषाध्यक्ष दत्तात्रेय शर्मा एवं मीडिया प्रभारी संजय कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के महिला एवं पुरुष पेंशनर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हरिराम पाटीदार ने किया। बैठक की जानकारी मीडिया प्रभारी संजय कुमार वर्मा ने दी।
