वायल-पचखेड़ा नहर पर मोटर चोरी का मामला: पुलिस ने बरामद की मोटर, किसानों ने जताया आभार…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। वायल-पचखेड़ा नहर क्षेत्र में किसानों की मोटर चोरी के मामले में ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की सक्रियता से महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 11 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी बाकानेर की टीम मोटर चोरी के मामले में चोरी गई मोटर को बरामद करने के लिए घटनास्थल पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, वायल निवासी शोभाराम पाटीदार के मोटर पंप वाले स्थान के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई मोटर को पुलिस ने बरामद किया। बताया जा रहा है कि मोटर चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए संदिग्धों को पकड़ने में सहयोग किया था। इसके बाद पुलिस की मदद से मामले में कार्रवाई आगे बढ़ी।
मोटर बरामद होने पर वायल क्षेत्र के किसानों ने पुलिस प्रशासन और चौकी बाकानेर की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। किसानों को उम्मीद है कि पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ पिछले दिनों क्षेत्र में हुई अन्य मोटर चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
किसानों ने पुलिस से मांग की है कि नहर क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और किसानों की मोटरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
