डॉ. हिरालाल अलावा ने कलेक्टर को लिखा पत्र, 4.57 लाख की मरम्मत के बजाय नई मशीन लगाने की मांग…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। सिविल अस्पताल मनावर में पिछले करीब 45 दिनों से सोनोग्राफी मशीन खराब पड़ी है। इसके चलते गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों को सोनोग्राफी जांच कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. हिरालाल अलावा ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन मीना को पत्र लिखकर अस्पताल में तत्काल नई सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराने की मांग की है।
पत्र में बताया कि अधिकृत एजेंसी AOV International LLP तथा ओईएम इंजीनियर के निरीक्षण में मशीन का मुख्य बोर्ड (मेन बोर्ड) क्षतिग्रस्त पाया गया है। इसे बदलने में करीब 4.57 लाख रुपए का खर्च बताया जा रहा है। ऐसे में पुरानी मशीन की मरम्मत पर इतनी बड़ी राशि खर्च करने के बजाय उसके स्थान पर नई मशीन स्थापित करना जनहित में बेहतर होगा।
डॉ. अलावा ने कलेक्टर से आग्रह किया कि खराब मशीन को निष्प्रयोज्य घोषित कर नई सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरी की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि नई मशीन स्थापित होने तक गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों की सोनोग्राफी जांच के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
उन्होंने मामले में की गई कार्रवाई से अवगत कराने का आग्रह करते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहित आमजन की चिकित्सा सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का शीघ्र समाधान जरूरी है।
