बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में जीजा गिरफ्तार, न्यायालय ने जेल भेजा…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार। मनावर पुलिस ने नाबालिग बालिका को करीब 1100 किलोमीटर दूर कर्नाटक राज्य के बल्लारी शहर से तलाश कर सुरक्षित दस्तयाब किया और परिजनों को सुपुर्द किया। मामले में बालिका के जीजा शिवप्रसाद बघेल (25), निवासी सनावदिया, थाना खुड़ैल, जिला इंदौर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म से संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं।
*पुलिस टीम ने कर्नाटक में की तलाश*
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर महिला संबंधी गंभीर अपराधों में अपहृत बालिकाओं की दस्तयाबी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनावर प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
थाना मनावर में अपराध क्रमांक 339/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में दर्ज मामले में पुलिस टीम ने तलाश करते हुए 10 अक्टूबर 2026 को कर्नाटक के बल्लारी शहर से बालिका को दस्तयाब किया। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया।
*दुष्कर्म के आरोप में आरोपी गिरफ्तार*
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान बालिका के जीजा शिवप्रसाद बघेल पर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ गलत काम करने के आरोप सामने आए। इसके बाद प्रकरण में पॉक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म से संबंधित धाराओं का इजाफा कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय मनावर में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे उपजेल मनावर भेज दिया गया।
*इनकी रही भूमिका*
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, उपनिरीक्षक प्रशांत पाल, उपनिरीक्षक रानी राठौर, प्रधान आरक्षक 638 ललित कुमरावत तथा साइबर सेल के आरक्षक 223 प्रशांत और आरक्षक 901 शुभम का योगदान रहा।
