कंस वध, उद्धव चरित और रुक्मिणी विवाह प्रसंग ने बांधा श्रद्धालुओं को …
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। सिंघाना रोड स्थित बंकनाथ मंदिर के सामने वेदांत दर्शन सेवा समिति, तपोवन धाम के तत्वावधान में स्वामी अखंडानंद जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं पंचकुंडीय रुद्र महायज्ञ में शुक्रवार को छठे दिन श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया। राष्ट्रीय कथा वाचिका सुश्री जया देवी जी (बैतूल) ने श्रीमद्भागवत के कंस वध, उद्धव चरित और भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया।
कथावाचिका ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से धर्म, भक्ति और प्रेम का महत्व समझाया। कंस वध के प्रसंग में अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया, वहीं उद्धव चरित के माध्यम से भक्ति और भगवान के प्रति समर्पण की महिमा बताई। श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।
आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन सुबह 7 से 11 बजे तक यजमानों द्वारा यज्ञानुष्ठान एवं रुद्राभिषेक किया जा रहा है। यज्ञाचार्य श्री रविकांत अवस्थी जी (वृंदावन धाम) तथा मूलपाठ श्री नीरज शास्त्री जी (जनकपुर धाम, नेपाल) के मार्गदर्शन में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं।
आज होगा सुदामा चरित्र के साथ कथा विश्राम
सात दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन शनिवार, 10 अक्टूबर को सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष प्रसंग, कथा विश्राम एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से सहपरिवार पहुंचकर कथा श्रवण एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बनने की अपील की है।
