बानसूर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आरसीआई एजू हब बानसूर के विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता, सत्य और अहिंसा का संदेश देते हुए भव्य जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर ढोल-नगाड़ों की थाप और देशभक्ति नारों के साथ शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए अनाज मंडी के पास स्थित गांधी पार्क पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में स्वच्छता से संबंधित पोस्टर और तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर विद्यार्थियों का स्वागत किया।
गांधी पार्क में नगर पालिका अध्यक्ष गिरिराज प्रसाद सैनी, पार्षद निरंजन सैनी, सुरेश सैनी, महेश यादव और नगर पालिका टीम ने रैली का स्वागत किया। इस मौके पर संस्था निदेशक डॉ. विजय यादव, प्रधानाचार्य लक्ष्मण प्रसाद सैनी, अंग्रेजी माध्यम की प्रधानाचार्या दिव्या मिश्रा, प्रधानाध्यापक दिनेश जांगिड़ सहित समस्त शिक्षक और स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम के दौरान संस्था निदेशक डॉ. विजय यादव, अतिथियों और विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विद्यार्थियों को गांधीजी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों के बारे में बताया गया और स्वच्छ व सुंदर बानसूर बनाने का संकल्प दिलाया गया।
