डिंडोरी। जिला मुख्यालय डिंडोरी में पिछले दो दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से बाधित है।
नगर परिषद की लापरवाही के चलते शहर के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के हजारों घरों में नलों से एक बूंद पानी नहीं आ रहा है। पिछले दो दिनों से अचानक जल संकट गहराने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
लोगों को पीने के पानी के लिए हैंडपंप और प्राइवेट टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिसके लिए उन्हें 300 से 500 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। महिलाओं को सुबह 4 बजे से ही हैंडपंपों पर लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है।अभी रात को भी हेन्डपंपों में पानी भरने वालों की भीड देखी जा सकती है
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद को कई बार सूचना दी गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला है।
बताया जा रहा है कि मोटर की साफ्ट टूटने से ऐसी स्थिति निर्मित हुई है।बार-बार पाइपलाइन फटना, बार-बार मोटर खराब होना, कभी सॉफ्ट टूटना, इस प्रकार की समस्याओं के कारण आम जनता परेशान होती रहती है लेकिन नगर परिषद द्वारा इन समस्याओं का कोई भी स्थाई निराकरण नहीं किया जा रहा। हर महीने किसी न किसी कारण से पेयजल आपूर्ति बाधित होती रहती है जिससे आम जनता परेशान होती है ।
वहीं इस मामले में जब नगर परिषद के सीएमओ / जलप्रदाय अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे बात नही हो सकी । नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे में पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे नगर परिषद का घेराव करेंगे।
