आंवला में पिटाई के वायरल वीडियो मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, भेजा न्यायालय। बरेली आंवला।
आंवला में एक व्यक्ति को फरसे और लाठी-डंडों से पीटने के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बुधवार को बताया कि सचिन सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, सचिन के पास से 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले।
उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा भी मिला। पुलिस पूछताछ में सचिन ने बताया कि उसके दोस्त तरुण का मोहल्ले के सुमित गुप्ता की बेटी से प्रेम प्रसंग था।
15 अक्टूबर को तरुण और युवती बरेली के फीनिक्स मॉल गए थे। इसकी जानकारी मिलने पर युवती के परिजनों ने तरुण के साथ मारपीट की थी।
इस मामले में बिथरी चैनपुर थाने में केस दर्ज हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात का बदला लेने और मोहल्ले में हुई गाली-गलौज का हिसाब चुकता करने के लिए सचिन, तरुण, वरुण, सुदेश, नवीन और गौरव ने सुमित गुप्ता पर हमला किया था।
आंवला थाना पुलिस वांछित आरोपियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सचिन विलायतगंज से ग्राम अलीनगर जाने वाले कच्चे रास्ते पर खड़ा है।
पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। तलाशी में तमंचा और कारतूस मिले।
सुमित गुप्ता की पत्नी दामिनी गुप्ता की शिकायत पर आंवला थाने में पहले से केस दर्ज है। हथियार मिलने के बाद सचिन के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक और केस दर्ज किया गया है।
इससे पहले 23 अक्टूबर को मुख्य आरोपी तरुण को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह, रिक्रूट कांस्टेबल गौतम कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल आर्यन राठौर शामिल थे।
