हमीरपुर। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की जनपद शाखा के तत्वावधान में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया।
फार्मासिस्टों ने पिछले कई वर्षों से लंबित समस्याओं का निस्तारण न होने पर नाराजगी जताते हुए 10 सूत्रीय मांगों को पूरा कराने की मांग उठाई। एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, धरने के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संगठन के पदाधिकारियों एवं जनपद के फार्मासिस्टों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन की ओर से सौंपे गए 10 सूत्रीय मांगपत्र में शामिल अधिकांश समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित लिपिकों को निर्देशित कर दिया गया है। इसके साथ ही मेडिकल प्रतिपूर्ति के लंबित भुगतान के लिए शासन को पत्र लिखकर बजट आवंटित करने की मांग की गई है।
सीएमओ ने समस्याओं के समाधान के लिए एक नोडल अधिकारी भी नामित किया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संगठन के पदाधिकारी सीधे अवगत करा सकते हैं, ताकि उनका समय से निस्तारण कराया जा सके।
एसोसिएशन ने सीएमओ के आश्वासन पर समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई है।
