सुमेरपुर (हमीरपुर)। जनगणना प्रशिक्षण में शामिल होने जा रहे बाइक सवार शिक्षक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई।
अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल शिक्षक को पुलिस और एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के रमेडी मोहल्ला निवासी रामप्रकाश निषाद (57) अतरैया स्थित कंपोजिट विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे।
उनकी ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई थी। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे वह बाइक से भरुआ सुमेरपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण में शामिल होने जा रहे थे।
इसी दौरान सुमेरपुर थाना क्षेत्र में टाटा मोटर्स सर्विस सेंटर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में शिक्षक अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद शिक्षक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
