दीपक शर्मा आलीराजपुर जिला ब्यूरोचिफ
आलीराजपुर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्रीमती ज्योति उमठ बघेल ने बताया कि दिनांक 03.11.2026 को थाना प्रभारी उदयगढ़ निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे एवं चौकी प्रभारी सेजावाड़ा सउनि जयवीरसिंह भदौरिया अपनी अधीनस्थ पुलिस टीम के साथ एक आरोपी की धरपकड़ के संबंध में उदयगढ़ से जोबट की ओर रवाना हुए थे। पुलिस टीम अपने शासकीय कार्य के लिए जा रही थी, तभी रास्ते में ग्राम थांदला रनबयड़ा मेन रोड पर मोटरसाइकिल दुर्घटना में तीन व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क पर पड़े दिखाई दिए।
पास पहुंचकर पुलिस टीम ने देखा कि दुर्घटना में घायल तीनों व्यक्तियों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता थी तथा उनमें से एक घायल की स्थिति अत्यंत गंभीर प्रतीत हो रही थी। ऐसी परिस्थिति में पुलिस टीम ने मानवता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए तत्काल घायलों की सहायता करना प्रारंभ किया।
चौकी प्रभारी सेजावाड़ा सउनि जयवीरसिंह भदौरिया द्वारा गंभीर घायल की स्थिति को देखते हुए बिना समय गंवाए तत्काल सीपीआर (CPR) दिया गया, ताकि घायल को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। वहीं थाना प्रभारी उदयगढ़ निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे द्वारा तत्काल डायल-112 को कॉल कर घटनास्थल पर पहुंचने हेतु सूचित किया गया।
पुलिस अधिकारियों की तत्परता एवं आपसी समन्वय से कुछ ही समय में डायल-112 वाहन घटनास्थल पर पहुंचा, जिसके माध्यम से तीनों घायलों को तत्काल उपचार हेतु शासकीय अस्पताल उदयगढ़ पहुंचाया गया। अस्पताल में तीनों घायलों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
वर्तमान में तीनों घायल उपचाररत हैं तथा उनकी स्थिति स्वस्थ बताई गई है। पुलिस टीम द्वारा समय रहते दिखाई गई सजगता, सूझबूझ एवं त्वरित कार्यवाही से दुर्घटना के बाद घायलों को बिना विलंब चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।
पुलिस अधीक्षक ने की सराहना-पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह द्वारा थाना प्रभारी उदयगढ़ निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे, चौकी प्रभारी सेजावाड़ा सउनि जयवीरसिंह भदौरिया एवं उनकी टीम द्वारा प्रदर्शित कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराधियों की धरपकड़ एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद नागरिकों की सहायता करना भी पुलिस के कर्तव्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
आलीराजपुर पुलिस आम नागरिकों से भी अपील करती है कि सड़क दुर्घटना अथवा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में घायल व्यक्ति की सहायता के लिए आगे आएं तथा तत्काल डायल-112 पर सूचना दें। समय पर दी गई सहायता एवं त्वरित चिकित्सकीय उपचार किसी भी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
आलीराजपुर पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।
