हमीरपुर। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को जनपद में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं सूचना विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर में चित्र प्रदर्शनी, विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना विभाग द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का जिलाधिकारी अशोक कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने उद्घाटन कर अवलोकन किया।
प्रदर्शनी के माध्यम से सरदार पटेल के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा देशी रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को दर्शाया गया। वहीं कलेक्ट्रेट स्थित डॉ.
एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी में जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
