बानसूर। नगर पालिका मंडल बानसूर के तत्वाधान में दशहरा पर्व पर विशाल रावण दहन एवं नवनिर्वाचित पार्षद सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सेठ चंटूलाल धन्नालाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में उमड़े जनसैलाब ने पूरे मैदान को खचाखच भर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूज्य बलराम दास महाराज एवं विभूति दास महाराज मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात अतिथियों द्वारा विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया।
समारोह में नायरा ग्रुप द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन गिर्राज प्रसाद सैनी एवं वाईस चेयरमैन महेश चंद ढाँचौलिया द्वारा मंच पर उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा नवनिर्वाचित पार्षदों का स्मृति चिन्ह व गुलदस्ता भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में 61 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया, जिसके साथ ही पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
