मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के परछा गांव में रविवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग का मामला सामने आया है।
ताबड़तोड़ गोलियां चलने से गांव में दहशत फैल गई। इस दौरान एक युवक ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परछा निवासी सुम्मा रविवार शाम अपने पुत्र बाबू के साथ बाइक से गांव पहुंचा था।
आरोप है कि रास्ते में गांव निवासी बच्चा पुत्र शमशुद्दीन दिखाई दिया, जिसे देखते ही सुम्मा और उसके पुत्र ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान बच्चा बाल-बाल बच गया और मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है। सरेशाम हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद कोतवाली पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। फायरिंग कांड में मुकदमा दर्ज
प्राप्त एफआईआर के अनुसार, पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सुम्मा, उसके पुत्र सद्दाम उर्फ बाबू सहित अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक वरुण कुमार को सौंपी गई है। घटना के बाद आरोपियों के फरार होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फायरिंग की घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
