संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुर्णा
:पांढुर्णा, 18 अक्टूबर – शहर के सबसे व्यस्त इलाके गुजरी चौक स्थित विनय ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज लूट का पांढुर्णा पुलिस ने आखिर 8 दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों के पास से लूटे गए करीब 45 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, 2 लाख 20 हजार रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां भी मिली हैं।
रात में ताला तोड़कर की थी लूट –
यह वारदात 9 और 10 अक्टूबर की बीच रात की है। रात करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच 3 से 4 बदमाश दुकान पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। उस समय दुकान के अंदर राजेश खरवड़े मौजूद थे। बदमाशों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया और शोकेस में रखे सोने-चांदी के मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी, लॉकेट और अन्य गहने लूटकर फरार हो गए थे। सुबह घटना का पता चलते ही शहर में हड़कंप मच गया था।
कैसे पकड़े गए आरोपी –
एसपी सुश्री विदिता डागर ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि घटना बहुत बड़ी थी, इसलिए तुरंत एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में एएसपी मनकामना प्रसाद, एसडीओपी ब्रजेश भार्गव और थाना प्रभारी अमित दानी शामिल थे। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी सबूत जुटाए और मुखबिरों से जानकारी ली। इसी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
कौन हैं पकड़े गए आरोपी –
पुलिस ने जिन 6 लोगों को पकड़ा है उनमें चार आरोपी कोलगांव, बैतूल बाजार के रहने वाले हैं – नितिन उर्फ बारीक उईके, आशीष बारस्कर, पीयूष बारपेटे और गोविंद विश्वकर्मा। एक आरोपी ऋतिक सूर्यवंशी खापरखेड़ा, पांढुर्णा का है। छठा आरोपी तरुण खाकरे खापा, आठनेर का रहने वाला है, जिसने लूटे गए गहने खरीदे थे। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।
एसपी ने कहा कि आरोपियों को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा और इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद व्यापारी वर्ग ने राहत की सांस ली है।
