हमीरपुर। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकासखंड मौदहा के ग्राम कम्हरिया, छिरका और मदारपुर में पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया।
कम्हरिया में 140 एमएम की एसडीपीई पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान कई स्थानों पर पानी बहता मिला। पाइपलाइन के खुले ढक्कनों को बंद कराया गया तथा ग्रामीणों से पानी की बर्बादी रोकने की अपील की गई।
वहीं, छिरका में पाइपलाइन लीकेज मरम्मत कार्य का जायजा लिया और मदारपुर में खराब मोटर की मरम्मत के बाद उसकी स्थापना के कार्य का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पाइपलाइन, टोंटी या घरेलू कनेक्शन में लीकेज मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि पानी की बर्बादी रोकने के साथ ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
