आलीराजपुर जिला ब्यूरोचिफ
दीपक शर्मा
आलीराजपुर:- जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने गुरुवार को सिनेमा चौराहा स्थित कार्यालय पर पत्रकार वार्ता आयोजित कर प्रदेश की भाजपा सरकार और जिला प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पत्रकार वार्ता मे कहा कि जनहित के मुद्दे उठाना कोई अपराध नहीं है।
पटेल ने जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की जा रही कार्रवाई का स्वागत करते हुए पुलिस को बधाई दी हे । हालांकि उन्होंने चांदपुर में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की अवैध शराब से भरे वाहन को पकड़े जाने का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि यदि यह वाहन नानपुर और आलीराजपुर क्षेत्र से होकर गुजरा, तो संबंधित पुलिस थानों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी.?
उन्होंने नानपुर और आलीराजपुर थाना प्रभारियों पर अवैध शराब तस्करों से कथित तौर पर बंदी लेने के आरोप लगाए और पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की हे । *एफआईआर दर्ज कराकर जनता की आवाज दबाने की कोशिश*
पटेल ने कहा भाजपा सरकार किसानों और आदिवासियों की आवाज उठाने वालों से डर रही है।
यदि कांग्रेस की मांगें गलत हैं, तो सरकार को उनका जवाब देना चाहिए। सरकार जितने केस दर्ज करना चाहे, करा ले।
हम डरने वाले नहीं हैं और ना ही जनता के हक की आवाज उठाना बंद करेंगे। हमारी लड़ाई सत्ता या पद के लिए नहीं, बल्कि जनता की मूलभूत समस्याओं, किसानों के अधिकारों, आदिवासी समाज के सम्मान और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए है।
पटेल ने आदिवासी परिवारों को बेदखल करने की कार्रवाई बंद करने और सभी पात्र परिवारों को नियमानुसार जमीन के पट्टे देने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक तरीके से जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।
आम जनता और किसानों के साथ वे पहले भी खड़े थे, आज भी खड़े हैं और आगे भी उनके अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करते रहेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर, युवा नेता तरुण मंडलोई, राजेंद्र टवली, सुरेश सारडा, चितल पँवार आदि मौजूद थे ।
