हमीरपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), हमीरपुर में कैरियर गाइडेंस मेला एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी अशोक कुमार ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और छात्राओं द्वारा लगाए गए कैरियर काउंसलिंग स्टालों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पंख पोर्टल की उपयोगिता बताते हुए छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में खेलकूद, एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाएं आज सिविल सेवा, सेना, पुलिस, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और अनुसंधान सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
उन्होंने शिक्षकों को छात्राओं की पढ़ाई एवं शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही जेईई, नीट एवं प्रशासनिक सेवाओं जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से मार्गदर्शन एवं कोचिंग की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने अभिभावकों से बच्चों का जन्म पंजीकरण समय से कराने की अपील की, ताकि भविष्य में विद्यालय में प्रवेश एवं प्रतियोगिताओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, प्रधानाचार्या सरस्वती देवी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं की नेपाली लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक सहित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ।
