झापड़ी- अंजन्या के तालाबों को नहर से भरने और लोहारी-घुलसर तक पानी पहुंचाने की उठाई मांग…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर, जिला धार। ओंकारेश्वर चतुर्थ चरण नहर परियोजना का लाभ अंतिम छोर के किसानों तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने सोमवार को एसडीएम प्रमोद गुर्जर को ज्ञापन सौंपा। संघ ने नहर के भाग-दो से टेल क्षेत्र तक पानी पहुंचाने के साथ मनावर तहसील के ग्राम झापड़ी और अंजन्या के तालाबों को नहर के पानी से भरने की व्यवस्था करने की मांग की।
किसान संघ का कहना है कि नहर परियोजना का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब अंतिम छोर पर खेती करने वाले किसानों को भी सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। नहर का पानी टेल क्षेत्र तक नहीं पहुंचने से किसानों को कई बार सिंचाई संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे फसलों की सिंचाई प्रभावित होती है और किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है।
*तकनीकी समस्याओं का परीक्षण कराएं*
भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष वासुदेव पाटीदार ने कहा कि ओंकारेश्वर चतुर्थ चरण नहर परियोजना से जुड़े क्षेत्रों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए संबंधित विभाग को नहर की जलापूर्ति व्यवस्था का परीक्षण कर तकनीकी समस्याओं का निराकरण करना चाहिए, ताकि पानी अंतिम छोर तक पहुंच सके और किसानों को परियोजना का पूरा लाभ मिले।
*लोहारी-घुलसर तक पानी पहुंचाने की मांग*
ज्ञापन में किसान संघ ने ओंकारेश्वर चतुर्थ चरण नहर परियोजना के भाग-दो से कुक्षी तहसील के ग्राम लोहारी-घुलसर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने की मांग भी की। संघ ने संबंधित अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कराने, आवश्यक तकनीकी परीक्षण करने और पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की मांग की। इससे टेल क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने में भी मदद मिल सकेगी।
