बरेली आंवला में कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की छात्राओं ने संभाली SDM-तहसीलदार की कुर्सी, समस्याओं को सुलझाया।
बरेली आंवला। आंवला में 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत मंगलवार सुबह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराया गया। मझगवां और रामनगर की छात्राओं को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक SDM और तहसीलदार बनाया गया।
तहसील आवंला विकास खंड मझगवां में कक्षा 8 की साक्षी (पुत्री शैलेन्द्र कुमार) SDM बनीं, जबकि प्रतिज्ञा (पुत्री कोमिल प्रसाद) ने तहसीलदार का कार्यभार संभाला। वार्डन रेखा रानी सक्सेना व अध्यापिका मधूलिका पटेल की देखरेख में छात्राओं ने कार्यालय की कार्यप्रणाली समझी और फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
आंवला तहसील के विकास खंड रामनगर में कक्षा 8 की अंशिका (पुत्री लखपत सिंह) SDM बनीं। कक्षा 7 की अंजली (पुत्री छोटेलाल) तहसीलदार बनीं। वार्डन सुशोभिता पाठक व शिक्षक शिवम सिंह के मार्गदर्शन में छात्राओं ने प्रशासनिक दायित्वों का अनुभव लिया।
अधिकारियों की कुर्सी पर बैठकर छात्राओं में आत्मविश्वास दिखा। स्टाफ और अधिकारियों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
