हमीरपुर। शासन की मंशा के अनुरूप व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन एवं कर संबंधी प्रावधानों की जानकारी देने के उद्देश्य से दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को KGN फर्नीचर एंड मैन्युफैक्चरिंग, सेना रोड, बारह खम्भा, राठ में पंजीयन जागरूकता कैम्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य कर अधिकारी श्री दुर्गा प्रसाद एवं श्री घनश्याम सिंह पटेल उपस्थित रहे।
कैम्प में व्यापारियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को कर संबंधी विभिन्न पहलुओं से अवगत कराते हुए अपंजीकृत व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही पंजीयन के लिए आवश्यक प्रपत्रों एवं दस्तावेजों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जीएसटी पंजीयन, रिटर्न फाइलिंग, ई-इनवायसिंग, ई-मेल एवं मोबाइल नंबर अपडेट करने, ई-वे बिल तथा जीएसटी 2.0 के अंतर्गत हुए परिवर्तनों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। नियम 14A के अंतर्गत पंजीयन प्राप्त करने के लिए सही दस्तावेज अपलोड करने तथा प्रत्येक आपूर्ति के सापेक्ष शत-प्रतिशत इनवायस जारी करने के संबंध में भी व्यापारियों को जागरूक किया गया।
इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी के विजन के अनुरूप करदाताओं के बीच विश्वास बहाली, कर संबंधी नियमों के सरलीकरण तथा व्यापारियों को नियमानुसार कर अनुपालन के लिए प्रेरित करने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में श्री नीलेश, श्री आदेश गुप्ता, श्री नीरज गुप्ता, श्री शंकर कुशवाहा, श्री प्रमोद गुप्ता, श्री महेन्द्र कुमार, श्री संदीप, श्री राजेश, श्री छोटेलाल सहित अन्य व्यापारीगण उपस्थित रहे।
