मौदहा (हमीरपुर)। किसान मसीहा महात्मा टिकैत की जयंती के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक द्वारा गांव चलो अभियान के तहत ग्राम पंचायत चकदहा में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महात्मा टिकैत के जीवन, संघर्ष और किसान हितों के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने उनके विचारों और किसान हितों के लिए किए गए संघर्ष को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
इस दौरान ग्राम पंचायत चकदहा में नियुक्त सफाई कर्मी राकेश को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि गांवों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके बाद संगठन के पदाधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचे, जहां अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल, बिस्कुट आदि वितरित किए गए। मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की मंगल कामना की गई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपजिलाधिकारी मौदहा और क्षेत्राधिकारी मौदहा को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
