सुरनकोट पुलिस की नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, हेरोइन और गांजा बरामद
राजेश कुमार पूंछ
8.52 ग्राम हेरोइन और 16 ग्राम गांजा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुंछ, 6 अक्टूबर 2026:
नशा तस्करी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला पुलिस पुंछ द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना सुरनकोट को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग एवं तलाशी कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 8.52 ग्राम हेरोइन और 16 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की शाम थाना सुरनकोट की टीम ने विशेष सूचना के आधार पर चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आसिफ इकबाल पुत्र अशाक हुसैन, निवासी फजलाबाद, सुरनकोट के कब्जे से उक्त मादक पदार्थ बरामद किए गए।
बरामदगी के संबंध में एफआईआर संख्या 324/2026 थाना सुरनकोट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/21/22 के तहत दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान बरामद मादक पदार्थों के स्रोत, उनकी संभावित सप्लाई या गंतव्य तथा इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
जिला पुलिस पुंछ ने दोहराया कि जिले में नशा तस्करी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कुमार | पुंछ
