मौदहा (हमीरपुर)। मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर बाइक से घर लौट रहे सतना जिले के दो किसानों की बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के सतना जनपद की बरौंधा तहसील के मझगवां क्षेत्र के नकेला गांव निवासी मोहन मिश्रा पुत्र इन्द्रमणि मिश्रा (50) और संजय पांडे पुत्र मुन्ना (45) बाइक से भरतकूप की ओर लौट रहे थे।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पोल संख्या 73.3 के पास चालक को अचानक झपकी आ जाने से तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। पीछे दूसरी बाइक से आ रहे परिजनों ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि हादसे के समय दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। दोनों मृतक खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
हादसे की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
