हमीरपुर। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज कुमार राय के दिशा-निर्देशन में तथा सीनियर सिविल जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में तहसील मौदहा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) शिवनारायण एवं पवन तिवारी द्वारा तहसील परिसर में उपस्थित फरियादियों, शिकायतकर्ताओं तथा आम जनमानस को उनके कानूनी अधिकारों और विधिक प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में उपस्थित नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालतों के लाभ, पीड़िता प्रतिकर योजना तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पराविधिक स्वयंसेवकों ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सुलभ, त्वरित और सस्ता न्याय मिल सके। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी कानूनी समस्या के समाधान हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर तहसील प्रशासन के अधिकारी, फरियादी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
