संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
भोपाल/ पांढुर्णा/ 29 सितंबर। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने पांढुर्णा जिले में अल्पवृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि इस वर्ष कम वर्षा के कारण जिले में फसलों पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है और कई क्षेत्रों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
कमल नाथ ने पत्र में लिखा है कि फसल खराब होने से खेती पर निर्भर किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा और यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि समय पर सहायता नहीं मिलने से किसानों की परेशानी और बढ़ सकती है, जबकि प्रदेश का किसान विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी मेहनत और लगन से अन्न उत्पादन कर परिवार और देश के भरण-पोषण की भूमिका निभाता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पांढुर्णा जिले में अल्पवृष्टि से प्रभावित सभी क्षेत्रों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सर्वे कराया जाए। साथ ही फसल क्षति के आधार पर पात्र किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा एवं फसल बीमा की राशि दिलाई जाए। प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए विद्युत बिलों में नियमानुसार आवश्यक छूट अथवा अन्य सहायता प्रदान करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पांढुर्णा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग भी की है।
कमल नाथ ने कहा है कि इस संबंध में शीघ्र आदेश प्रदान किए जाएं ताकि अन्नदाता किसान भाइयों को ऐसे कठिन समय में शासन की संवेदनशील एवं त्वरित पहल से आर्थिक संबल और विश्वास मिल सके।
