प्रधानमंत्री मोदी ने दिखाई हरी झंडी, गुजरात-मध्यप्रदेश के रेल संपर्क को मिलेगी नई गति….
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर, जिला धार। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश के धार जिले स्थित टांडा रोड रेलवे स्टेशन और वडोदरा के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क पर चार मालगाड़ियों को भी रवाना किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वडोदरा-रतलाम के बीच तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। इन रेल परियोजनाओं से क्षेत्र में यात्री एवं माल परिवहन की क्षमता बढ़ने के साथ रेल मार्ग पर परिचालन संबंधी बाधाएं कम होने की उम्मीद है।
नई यात्री ट्रेन सेवा से धार जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को गुजरात से बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं, तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण से गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच माल परिवहन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी तथा औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है।
रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से क्षेत्र में उद्योग, व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से धार, टांडा रोड और आसपास के क्षेत्रों के लिए यह रेल सुविधा आवागमन के साथ आर्थिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस महत्वपूर्ण रेल सौगात के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री सांसद सावित्री ठाकुर ने समस्त प्रदेशवासियों एवं क्षेत्रवासियों की ओर से यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का हृदय से आभार माना।
