
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में तथा उप विकास आयुक्त श्री आदित्य कुमार पियूष के नेतृत्व में समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में जनता दरबार का आयोजन किया गया। आयोजित जनता दरबार में आमजनों से प्राप्त कुल 18 शिकायतों/आवेदनों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई की गई। जिसके तहत मुख्य रूप से प्राप्त मामले जिसमें भूमि विवाद, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, भूमि मापी, दाखिल-खारिज, डिमांड निरस्तीकरण, जलापूर्ति से संबंधित शिकायतें है, जिसका समाधान हेतु जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का त्वरित, समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भूमि विवाद एवं अतिक्रमण के मामलों के प्रभावी समाधान हेतु राजस्व एवं पुलिस पदाधिकारियों के बेहतर समन्वय पर विशेष बल दिया गया। साथ ही निर्देश दिया गया कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों की समीक्षा हेतु अंचल स्तर पर प्रत्येक सप्ताह, अनुमंडल स्तर पर माह में दो बार एवं जिला स्तर पर माह में एक बार नियमित बैठक आयोजित की जाए। साथ ही “सबका सम्मान–जीवन आसान” की भावना के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

