A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :आम आदमी ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

मौदहा। हमीरपुर।05 जून मौदहा में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर आज आम आदमी पार्टी, हमीरपुर जिला के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश में व्याप्त भीषण बिजली संकट, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों तथा स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों के विरोध में मौदहा तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा है।ज्ञापन सौंपते हुए पार्टी के जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में प्रदेश की जनता बिजली संकट से त्रस्त है। अनेक जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की घटनाएं सामने आ रही हैं। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में आम नागरिक, किसान, व्यापारी, छात्र और कर्मचारी अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। जनता देश की सबसे महंगी बिजली दरें चुकाने के बावजूद पर्याप्त और निर्बाध बिजली नहीं पा रही है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। गांवों और शहरों में घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उद्योग, व्यापार, खेती और विद्यार्थियों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।जिलाध्यक्ष ने कहा कि बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत प्रदेश की बदहाल बिजली व्यवस्था का दुखद उदाहरण है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं न्याय दिया जाना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि जब जनता बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रही है, तब सरकार के जिम्मेदार मंत्री समस्याओं का समाधान करने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी में व्यस्त हैं। जनता को राहत देने के बजाय उसकी आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है।आम आदमी पार्टी ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को भी जनता के लिए परेशानी का कारण बताते हुए कहा कि प्रदेशभर से फर्जी बिलिंग, गलत रीडिंग और कई गुना बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। लाखों उपभोक्ता आर्थिक शोषण का शिकार हो रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान नहीं किया जा रहा है।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अघोषित बिजली कटौती बंद करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर एवं फर्जी बिलिंग की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रदेशवासियों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।आम आदमी पार्टी ने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश की करोड़ों जनता के हितों से जुड़ा हुआ है और यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो प्रदेशव्यापी जनआंदोलन को और तेज करेगी। आज के प्रदर्शन में मुख्यरूप से त्रिलोक चन्द्र जिलाकोषाध्यक्ष, अत्री यादव जिलाउपाध्यक्ष, मो साबिर जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, शहबुद्दीन निजामी जिलाध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ, बलराम सेन, रवि साहू, इमामुद्दीन, श्यामप्रकाश शिवहरे सहित एक दर्जन कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल रहे हैं।

Show More
Back to top button