समाज को अपने विद्यालय, धर्मशाला और संस्थाएँ स्वयं स्थापित करनी होंगी_रामकरण भाभर

मध्यप्रदेश भील महासंघ की प्रांत स्तरीय बैठक : समाज के उत्थान पर गहन मंथन

 



रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर। जिला धार।। मध्यप्रदेश भील महासंघ की प्रांत स्तरीय बैठक धार के फौजी होटल पर बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

बैठक को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश भील महासंघ के अध्यक्ष एवं झाबुआ के पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर ने कहा कि षड्यंत्रपूर्वक भील समाज को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। किंतु अब संगठन हर स्तर पर मजबूती से खड़ा होगा। उन्होंने घोषणा की कि अक्टूबर तक सभी जिलों तथा तहसील स्तर पर संगठन का गठन पूरा कर लिया जाएगा।

श्री डामोर ने गुरुकुल शिक्षा पद्धति के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज की असली ताकत है। साथ ही उन्होंने आह्वान किया कि भील महापुरुषों की तस्वीरें प्रत्येक गांव, तहसील और पंचायत में लगाई जाएँ तथा उनकी जीवनी नई पीढ़ी तक पहुँचाई जाए।

धार जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा ने कहा कि समाज की प्रगति केवल एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि मनभेद हो सकते हैं, परंतु मतभेद नहीं होना चाहिए।

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामकरण भाभर ने समाज के पिछड़ापन को दूर करने के लिए शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि समाज को अपने विद्यालय, धर्मशाला और संस्थाएँ स्वयं स्थापित करनी होंगी ताकि संगठन की ताकत इतनी बढ़े कि सरकार भी आवाज़ को अनसुना न कर सके।

सरदारपुर के पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया ने समाज को शराबबंदी से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि संगठन और शिक्षा से ही समाज की उन्नति संभव है। उन्होंने जोर दिया कि भील समाज से अधिक से अधिक सांसद और विधायक बनने चाहिए।

महिला प्रतिनिधि सुश्री अनु डामोर ने महिलाओं की भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि समाज की उन्नति में महिलाओं की भूमिका अहम है। शिक्षा और स्वतंत्रता मिलने पर ही महिलाएँ मुख्यधारा से जुड़ पाएंगी।

इस अवसर पर संगठन विस्तार के अंतर्गत विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्षों की घोषणा भी की गई, जिनका उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजू डामोर, गुलाब सिंह वास्केल, दशरथ कलमे, महासचिव लक्ष्मण, बारिया, भीम सिंह मोहनिया, जयराम गावर, दिनेश गिरवाल ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन धूम सिंह गणावा ने किया तथा आभार प्रदर्शन रिटायर्ड डीएसपी शंकर सिंह कटारिया ने किया।

यह प्रांत स्तरीय बैठक समाज की एकता, शिक्षा और संगठन की दिशा में मील का पत्थर है।

Exit mobile version