अत्री कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ हमीरपुर

हाल ही में महात्मा ज्योतिबा फुले जी और माता सावित्रीबाई फुले जी के महान जीवन और संघर्षों पर आधारित एक महत्वपूर्ण फिल्म फूले पर केंद्र सरकार के अधीन कार्यरत सेंसर बोर्ड द्वारा रोक लगाये जाने के विरोध में आज आम आदमी पार्टी हमीरपुर के जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता के नेतृत्व में राष्ट्रपति महोदय को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी मौदहा को दिया गया। जिसमें पार्टी के मौदहा नगर अध्यक्ष गुलाम मोहम्मद ने बताया कि यह रोक न केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर आघात है, बल्कि हमारे देश के महान समाज सुधारकों की विचारधारा को दबाने का भी प्रयास प्रतीत होती है। महात्मा फुले और माता सावित्रीबाई फुले ने सदियों से चली आ रही सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया और शिक्षा, नारी सशक्तिकरण तथा समतामूलक समाज की स्थापना के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया। उनकी जीवन यात्रा को जनमानस तक पहुँचाना आज के समय की आवश्यकता है ताकि देश के युवा उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें। हम, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता एवं उत्तर प्रदेश की जनता, इस अन्यायपूर्ण रोक का विरोध करते हैं और माननीय राष्ट्रपति महोदया से निवेदन करते हैं कि: 1. सेंसर बोर्ड द्वारा फिल्म पर लगाई गई रोक को तुरंत हटाने का निर्देश दिया जाए। 2. अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और इतिहास के सही चित्रण को सुनिश्चित किया जाए। 3. ऐसे महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने में सरकार सकारात्मक भूमिका निभाए। आज के प्रदर्शन में मुख्यरूप से अत्रि यादव जिलाउपाध्यक्ष, आदित्य प्रजापति प्रदेश सचिव छात्र विंग, अनिल विश्वकर्मा जिलाध्यक्ष पंचायत प्रकोष्ठ, अरविन्द शिवहरे जिलामहासचिव पंचायत प्रकोष्ठ,मोहम्मद साबिर जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, इमामुद्दीन, मोहम्मद अहमद, आदि दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version