A2Z सभी खबर सभी जिले कीUncategorizedअन्य खबरेउत्तर प्रदेश

अंबेडकरनगर महिला का हाथ, पैर बांध कर बदमाशों ने की लूट

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज अंबेडकर नगर

आलापुर

(अंबेडकरनगर)। स्थानीय आलापुर थाना क्षेत्र के सरावां गांव में बदमाशों ने एक महिला को बंधक बनाकर नकदी व जेवरात लूट लिए। महिला की बदमाशों ने पिटाई भी की। बदमाश इसके बाद घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। बदमाशों ने इससे पहले पड़ोसी गांव दुमदुमा के एक घर से भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। रात में ही पुलिस टीम ने पहुंचकर छानबीन की।

सरावां ग्राम पंचायत के हमजापट्टी पुरवा निवासी महिला प्रियंका पांडेय मंगलवार रात घर में अकेले ही सो रही थीं। परिवार के अन्य सदस्य गांव के ही एक अन्य घर में थे। बताया जाता है कि रात दो बजे करीब एक बदमाश बांस के सहारे घर की छत पर चढ़ गया। इसके बाद वह घर में बनी सीढ़ी के सहारे नीचे उतरने लगा। महिला को आहट हुई तो वह उठी और बाहर का दरवाजा खोल भागने का प्रयास करने लगी। इसी बीच वहां दरवाजे पर पहले से मौजूद बदमाशों ने पकड़ लिया और मुंह दबाकर घर के अंदर कर दिया।

महिला का आरोप है कि बदमाशों ने इसके बाद हाथ-पैर बांध दिया और मुंह पर कपड़ा लगा दिया। जबरन महिला से चाबी लेकर बदमाशों ने छह हजार रुपये नकद, सोने की चेन व सोने की एक अंगूठी निकाल ली और फरार हो गए। इसके बाद महिला ने किसी तरह गुहार लगाई तो ग्रामीण व परिजन एकत्र हुए। उधर बदमाशों ने इससे पहले पड़ोसी गांव दुमदुमा निवासी विजय यादव के घर पहुंचकर ताला तोड़ दिया। इसके बाद 35 हजार रुपये नकद व सोने के दो आभूषण चुरा लिए और फरार हो गए।

यहां भी बदमाशों के जाने के बाद जानकारी होते ही ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू कर दी। थोड़ी ही देर में दोनों गांव के ग्रामीण गांव के बाहर मिले तो दो घटनाओं की जानकारी हुई। रात में ही आलापुर पुलिस ने पहुंचकर जरूरी छानबीन की। पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रदुम्मन यादव बुधवार को गांव पहुंचे। पीड़ितों से मिलकर जरूरी मदद का भरोसा दिलाया।

नहीं पहुंची डायल 112, ग्रामीणों में आक्रोश

महिला को बंधक बनाए व लूट के बाद उनके पुत्र दीपक पांडेय ने लगातार डायल 112 को फोन किया। रात 2 बजकर 47 मिनट पर कंट्रोल रूम से बात हो पाई। वहां से उन्हें एक गाड़ी नंबर नोट कराया गया। संबंधित वाहन पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने इसके बाद दीपक को फोन कर आने का भरोसा दिलाया। हालांकि उसके बाद भी डायल 112 टीम गांव नहीं पहुंची। रात में हुई इस गंभीर घटना के बाद डायल 112 टीम के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि बुधवार को भी टीम का कोई सदस्य गांव नहीं पहुंचा।

AKHAND BHARAT NEWS

AKHAND BHARAT NEWS
Back to top button
error: Content is protected !!