डिण्डौरी विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन रक्षित निरीक्षक रक्षित केंद्र डिण्डौरी में शस्त्र पूजन कार्यक्रम परंपरागत विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर शस्त्रों का पूजन कर सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की गई। भारतीय संस्कृति में शस्त्र पूजन शक्ति, साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक माना जाता है। पुलिस विभाग में शस्त्र पूजन की परंपरा कर्तव्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और समाज की सुरक्षा के संकल्प को भी दर्शाती है। इस अवसर पर शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, एसडीएम रामबाबू देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, पंकज सिंह टेकाम, रेड क्रॉस अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विजयादशमी पर्व की महत्ता को रेखांकित करते हुए धर्म की अधर्म पर तथा अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश दिया गया। शस्त्र पूजन के माध्यम से पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। विजयादशमी का यह पर्व साहस, संयम, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश देता है।
