मौदहा (हमीरपुर)। आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप की तैयारियों के तहत गुरुवार को विकासखंड मौदहा के सभागार में द्वितीय लघु विधिक सेवा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का उद्देश्य पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभ दिलाना रहा। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव सुश्री वंदना अग्रवाल के निर्देशन में किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान पीएलवी श्री पवन तिवारी एवं श्री शिवनारायण ने विभागीय अधिकारियों से पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनकी सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि मेगा लीगल कैंप में जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
शिविर में खंड विकास अधिकारी सुश्री श्वेता त्रिपाठी, एडीओ (आरडी) श्री अनिल पाठक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी श्री रुद्र प्रताप, एडीओ समाज कल्याण श्री मोहित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।
