डिंडौरी पंचायत उप निर्वाचन 2026 पूर्वार्द्ध के अंतर्गत जिले के निर्धारित मतदान केंद्रों पर आज सुबह से मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। जिले में जनपद पंचायत करंजिया के क्षेत्र क्रमांक 10 में जनपद पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत गोपालपुर एवं जनपद पंचायत समनापुर की ग्राम पंचायत कोकोमटा में सरपंच तथा जनपद पंचायत अमरपुर की ग्राम पंचायत बोधघुंडी में सरपंच और ग्राम पंचायत बटिया के वार्ड क्रमांक 11 में पंच पद के लिए मतदान कराया जा रहा है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने ग्राम पंचायत कोकोमटा स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन भी उपस्थित रहे।
मतदान केंद्रों पर मतदान दलों द्वारा निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार मतदान कराया जा रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और पंचायत उप निर्वाचन की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
