डिंडौरी माय भारत कार्यालय डिंडौरी एवं मेकलसुता कॉलेज डिंडौरी के संयुक्त तत्वावधान में सेवा, स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत शारदा टेकरी में स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ महेश धूमकेती, माय भारत जिला ब्रांड एम्बेसडर डॉ. बिहारी लाल द्विवेदी, नेहरू युवा केन्द्र से आर.पी. कुशवाहा सहित अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। माय भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के जिला युवा अधिकारी श्री अनघ त्रिवेदी के मार्गदर्शन में शारदा टेकरी स्थित मंदिर परिसर, सड़क किनारे एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की तथा कचरा एवं अनुपयोगी सामग्री एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाई। कार्यक्रम में स्वच्छता के साथ जनजागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों को अपने घर, प्रतिष्ठान एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने, खुले में कचरा नहीं फेंकने तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास के नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बताया गया कि सेवा, स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान, श्रमदान एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में माय भारत के अधिकारी-कर्मचारी, प्रो. लक्ष्मण सिंह धुर्वे, शिल्पी साहू, काजल गुप्ता, ललिता चंदेल, लक्ष्मण सिंह, देवेंद्र बर्मन, कार्यालय स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
