
जहानाबाद। कन्या मध्य विद्यालय, होरिलगंज का जिला पदाधिकारी ने किया निरीक्षण। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया द्वारा कन्या मध्य विद्यालय, होरिलगंज का भ्रमण कर विद्यालय में बच्चों को परोसे जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का जायजा ली गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया तथा उनसे आत्मीय एवं सहज संवाद कर भोजन के स्वाद, गुणवत्ता एवं नियमित उपलब्धता के संबंध में फीडबैक लिया।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में नामांकन एवं उपस्थिति की भी समीक्षा की। कक्षा 1 से 5 तक कुल नामांकन 122 के विरुद्ध 55 बच्चे उपस्थित पाए गए, जबकि कक्षा 6 से 8 तक कुल नामांकन 385 है। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। बच्चों से संवाद के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि अच्छे भोजन के साथ अच्छी पढ़ाई भी उतनी ही जरूरी है। विद्यालय में अपराह्न 3 बजे आयोजित खेल कक्षाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा हर क्षेत्र में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

