

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
आईटीआई चलो अभियान के तहत युवाओं से 30 जून तक प्रवेश पंजीयन कराने की अपील,तकनीकी शिक्षा से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे, महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत सीटें आरक्षित
पांढुर्णा/11 जून 2026/
जिले के युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित “आईटीआई चलो अभियान” के अंतर्गत संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा ने युवाओं से अपील की है कि वे जिले में संचालित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पांढुर्णा एवं शासकीय आईटीआई पीपला नारायणवार (कोपरावाड़ी कला) में उपलब्ध कुल 352 सीटों पर प्रवेश के लिए 30 जून तक अपना पंजीयन अवश्य कराएं। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से अथवा अपने निकटतम आईटीआई संस्थान में पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।
संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा ने कहा कि राज्य शासन का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी एवं कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ते हुए उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। आईटीआई में विभिन्न रोजगारोन्मुखी ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा उद्योगों, सेवा क्षेत्र तथा निजी प्रतिष्ठानों में रोजगार प्राप्त कर सकते हैं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिले की सभी शासकीय आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा 30 जून तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। युवाओं को प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए संबंधित आईटीआई संस्थानों से संपर्क करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा ने विशेष रूप से बालिकाओं एवं महिलाओं को इस अवसर का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि शासन की नीति के अनुसार आईटीआई प्रवेश में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। इससे तकनीकी क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी तथा उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने जिले के अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को तकनीकी शिक्षा की ओर प्रोत्साहित करें, जिससे वे भविष्य की औद्योगिक एवं तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन के रूप में विकसित हो सकें। कौशल, तकनीक और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। जिले के युवा 30 जून तक अपना पंजीयन कर आईटीआई के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं।